home page

सिंगुर में अशोक लेलैंड लगाएगी ट्रक निर्माण कारखाना : सुकांत मजूमदार

 | 
सिंगुर में अशोक लेलैंड लगाएगी ट्रक निर्माण कारखाना : सुकांत मजूमदार


खड़गपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के सिंगुर में एक बार फिर औद्योगिक गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद सुकांत मजूमदार ने शनिवार को दावा किया कि सिंगुर में अशोक लेलैंड ट्रक निर्माण कारखाना स्थापित करेगी। इसके लिए जल्द ही काम शुरू होने की बात भी उन्होंने कही है।

सुकांत मजूमदार ने यह जानकारी खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिंगुर में उद्योग स्थापित करना चाहती है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी पहले इस संबंध में संकेत दे चुके हैं। अब सिंगुर में अशोक लेलैंड का ट्रक निर्माण कारखाना स्थापित करने की योजना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहले भी बड़े उद्योग स्थापित करने के अवसर आए थे, लेकिन तत्कालीन सरकारों की नीतियों के कारण राज्य को उनका लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि आज ताइवान जिस स्थान पर है, वहां भारत भी पहुंच सकता था। पहले यह अवसर भारत को मिला था, लेकिन उस समय की सरकार ने कंप्यूटर का विरोध किया। इसके कारण सेमीकंडक्टर उद्योग का विकास नहीं हो सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने भी उद्योग लगाने की बात तो कही, लेकिन इस दिशा में ठोस काम नहीं किया।

उल्लेखनीय है कि वाममोर्चा सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने सिंगुर में टाटा मोटर्स की नैनो कार परियोजना शुरू करने की पहल की थी। इसके लिए जमीन भी अधिग्रहित की गई थी। हालांकि, तत्कालीन विपक्ष की नेता ममता बनर्जी के नेतृत्व में भूमि अधिग्रहण के विरोध में बड़ा आंदोलन हुआ। लंबे आंदोलन के बाद टाटा समूह ने सिंगुर से अपनी परियोजना हटाकर गुजरात में कारखाना स्थापित करने का निर्णय लिया था।

इस घटना के बाद सिंगुर में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना अधूरी रह गई। करीब दो दशक बीत जाने के बाद भी उस जमीन पर न तो प्रस्तावित कारखाना स्थापित हो सका और न ही वहां पहले जैसी कृषि गतिविधियां पूरी तरह लौट सकीं। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार सिंगुर को फिर से औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ने का दावा कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता