मयनागुड़ी बस हादसे में सिलीगुड़ी की महिला की मौत
| Jun 21, 2026, 18:25 IST
सिलीगुड़ी, 21 जून (हि. स.)। मयनागुड़ी में हुए बस हादसे में सिलीगुड़ी की एक गृहिणी की मौत हो गई, जबकि उसका दो साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतका की पहचान 28 नंबर वार्ड के मजदूर कॉलोनी निवासी पंपा साहा (26) के रूप में हुई है। घायल बच्चे को जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
परिवार के अनुसार, पंपा साहा अपने बेटे के साथ रविवार सुबह माथाभांगा स्थित नानी के घर जा रही थी, तभी मयनागुड़ी के पास उनकी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से सिलीगुड़ी के मजदूर कॉलोनी इलाके में शोक का माहौल है।
स्थानीय भाजपा नेताओं ने परिवार से मिलकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

