home page

चुनाव 26 : घोषणा पत्र में गौतम देव का वादा, जीतने पर सिलीगुड़ी बनेगा जिला

 | 
चुनाव 26 : घोषणा पत्र में गौतम देव का वादा, जीतने पर सिलीगुड़ी बनेगा जिला


सिलीगुड़ी, 17 अप्रैल (हि.स.)। चुनावी मैदान में उतरते ही बड़ा ऐलान किया गया है। गौतम देव ने वादा किया है कि जीतने पर सिलीगुड़ी को जिला बनाया जाएगा। उनका लक्ष्य सिर्फ प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि शहर को आधुनिक और विश्वस्तरीय रूप देना है।

अपने घोषणा पत्र में उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी के समग्र विकास पर उनका विशेष ध्यान रहेगा। सड़कों, जल निकासी, बाजार व्यवस्था और लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर ठोस योजनाएं तैयार की गई है। साथ ही नगर निगम के वार्डों की संख्या और सीमाओं को बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, सबसे महत्वपूर्ण वादा सिलीगुड़ी को अलग जिला बनाने का है। यह मांग लंबे समय से उठती रही है। फिलहाल प्रशासनिक कार्यों के लिए लोगों को कभी दार्जिलिंग तो कभी जलपाईगुड़ी जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। इस समस्या को खत्म करने के लिए यह पहल की जा रही है।

बताया जा रहा है कि राज्य में सत्ता में आने पर सात नए जिले बनाने की बात पहले ही कही जा चुकी है, जिसमें सिलीगुड़ी को भी शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया है और इसे पार्टी नेतृत्व की सहमति भी मिली है।

इसके अलावा शहर के विकास के लिए कई अन्य योजनाएं भी सामने रखी गई है। पीने के पानी की समस्या का समाधान, सरकारी जमीन पर रहने वालों को पट्टा देना, कावाखाली में सभी सरकारी दफ्तरों को एक जगह लाकर “ऑफिस पाड़ा” बनाना, डंपिंग ग्राउंड का हरितीकरण, विधान मार्केट का नवीनीकरण, अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम और 100 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड का कैंसर अस्पताल बनाना।

शहरवासियों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात ट्रैफिक जाम से स्थायी निजात का वादा है, जिसके लिए ब्लूप्रिंट तैयार होने का दावा किया गया है।

गौतम देव ने कहा कि अगर मैं विधायक बनता हूं तो इन सभी योजनाओं को लागू करूंगा और सिलीगुड़ी को अलग जिला बनाने के लिए राज्य सरकार से जोरदार मांग करूंगा। मेरा सपना है कि यह शहर भविष्य में गर्व का कारण बने।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार