टॉय ट्रेन में धुआं निकलने से मचा हड़कंप, अस्थायी रूप से रोकी गई सेवा
सिलीगुड़ी, 04 फरवरी (हि. स.)। सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग जा रही टॉय ट्रेन में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों और पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की आशंका के चलते टॉय ट्रेन की सेवा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार नियमित समय पर टॉय ट्रेन ने एनजेपी स्टेशन से दार्जिलिंग के लिए अपनी यात्रा शुरू की थी। सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलता देखा गया। यह देखते ही यात्रियों में दहशत फैल गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया और सभी यात्रियों व पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई।
प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी यात्री द्वारा धूम्रपान करने के कारण धुआं फैला हो सकता है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने संबंधित डिब्बे की गहन जांच की। स्थिति सामान्य होने पर टॉय ट्रेन को पुनः दार्जिलिंग के लिए रवाना कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

