सिलीगुड़ी में फुटबॉल टूर्नामेंट, स्कूल जागरूकता और हेल्थ कैंप के जरिए लोगों को किया जागरूक
सिलीगुड़ी, 08 अगस्त (हि. स.)। रोड सेफ्टी वीक-2026 के तहत सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को महिलाओं के लिए ‘पथ सुरक्षा कप-26’ फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह टूर्नामेंट चांदमणि ट्राइबल स्पोर्टिंग क्लब फुटबॉल ग्राउंड में बालासन सब-ट्रैफिक गार्ड की ओर से आयोजित हुआ।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के माध्यम से आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आयोजन के दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, पैदल यात्रियों का सम्मान करने और सुरक्षित तरीके से सड़क पर चलने का संदेश दिया गया। ‘सुरक्षित सड़क, सुरक्षित राहगीर’ थीम पर आधारित इस आयोजन में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में ट्रैफिक डीसीपी काजी शम्सुद्दीन अहमद, एडीसीपी पूर्णिमा शेरपा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और फुटबॉल को किक मारकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इसी के साथ सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जंक्शन ट्रैफिक गार्ड की पहल पर देवीडांगा स्थित एक गैर-सरकारी स्कूल में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच सड़क सुरक्षा पर क्विज प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें यातायात नियमों और सुरक्षित सड़क उपयोग से जुड़े प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुलिस की ओर से पुरस्कृत किया गया।इसके अलावा आम लोगों के लिए एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

