home page

सड़कों पर रोक के खिलाफ टोटो चालकों का प्रदर्शन

 | 
सड़कों पर रोक के खिलाफ टोटो चालकों का प्रदर्शन


सिलीगुड़ी, 18 जून (हि. स.)। सिलीगुड़ी शहर की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों पर ई-रिक्शा (टोटो) के संचालन पर लगी रोक के विरोध में गुरुवार को एयरव्यू मोड़ पर टोटो चालकों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में ‘सारा बंगाल ई-रिक्शा (टोटो) चालक यूनियन’ के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे टोटो चालक एकत्रित होकर अपनी समस्याओं को सामने रखने लगे।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पहले की तरह स्टिकर आधारित तय रूट व्यवस्था को फिर से लागू किया जाए। चालकों का कहना है कि अचानक कई सड़कों पर टोटो के संचालन पर रोक लगाए जाने से वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए है। कई चालकों ने लोन लेकर टोटो खरीदा है, ऐसे में आय बंद होने से परिवार चलाना और किस्त चुकाना मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे पहले ही एसडीओ कार्यालय में ज्ञापन सौंप चुके है। साथ ही सिलीगुड़ी के विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष से मिलने की कोशिश की, लेकिन उनके कोलकाता में होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। इसी कारण टोटो चालकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार