मुस्तैद पुलिस ने नाबालिग को बचाया, आरोपित फरार
सिलीगुड़ी, 30 अप्रैल (हि. स.)। सिलीगुड़ी जंक्शन ट्रैफिक गार्ड ने एक अनाथ नाबालिग लड़की को कथित तौर पर यौन पल्ली में ले जाने की साजिश नाकाम कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित शेल्टर होम भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, करीब 15 वर्षीय नाबालिग बिहार के कटिहार के एक अनाथ आश्रम से असम जाने के लिए सिलीगुड़ी जंक्शन पहुंची थी। इसी दौरान संदिग्ध दलालों की नजर उस पर पड़ी और उसे बहला-फुसलाकर सात नंबर वार्ड स्थित यौन पल्ली ले जाने की कोशिश की गई।
आरोप है कि एक टोटो चालक नाबालिग को अनाथ आश्रम पहुंचाने का झांसा देकर अपने साथ ले जा रहा था। तभी एक स्थानीय व्यक्ति को शक हुआ और उसने तुरंत जंक्शन ट्रैफिक गार्ड को सूचना दी।
सूचना पाकर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि आरोपित चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल नाबालिग को दार्जिलिंग डिस्ट्रिक्ट लीगल एड फोरम को सौंपा गया है।
फोरम के अध्यक्ष अमित सरकार ने पश्चिम बंगाल शिशु सुरक्षा आयोग से संपर्क कर प्रधान नगर थाना के सहयोग से बच्ची को सुरक्षित शेल्टर होम पहुंचाया। नाबालिग को आगे की प्रक्रिया के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

