रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण तेज़, महावीर स्थान रेल गेट बंद करने पर विचार
सिलीगुड़ी, 27 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर बंगाल के प्रमुख रेल हब सिलीगुड़ी में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत बड़े स्तर पर काम चल रहा है। मंगलवार को कटिहार रेल मंडल के डीआरएम किरेन्द्र नराह ने सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा किया।
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए डीआरएम किरेन्द्र नराह ने कहा कि सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बुकिंग काउंटर को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। आधुनिकीकरण के बाद यात्रियों को लिफ्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन का नवीनीकरण मार्च 2027 तक पूरा करने की समयसीमा तय की गई है, जिसमें देरी होने पर निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं दुर्गापूजा के बाद सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन का काम भी जल्द पुनः शुरू होगा। शहर में प्रस्तावित डबल लाइन रेल प्रोजेक्ट के लिए फॉर्म ए और फॉर्म बी जमा किए जा चुके हैं और इसे जल्द आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने महावीर स्थान रेल गेट को लेकर कहा कि महावीर स्थान के दोनों रेल गेटों के रखरखाव पर सालाना करोड़ों रुपये के खर्च को कम करने के लिए रेलवे इन्हें बंद करने पर विचार कर रहा है। हालांकि, इसे लेकर अंतिम निर्णय राज्य सरकार के साथ बातचीत के बाद लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

