एक घंटे की मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुआ सिलीगुड़ी, एनएच-10 पर भूस्खलन से सिक्किम संपर्क प्रभावित
सिलीगुड़ी, 16 जुलाई (हि. स.)। उत्तर बंगाल में गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से सिलीगुड़ी के कई इलाके जलमग्न हो गए, जबकि दार्जिलिंग, कर्सियांग और कालिम्पोंग के पर्वतीय क्षेत्रों में भी भारी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण सिक्किम को जोड़ने वाले 10 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-10) पर भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार के लिए बारिश का पूर्वानुमान तो था, लेकिन भारी वर्षा की चेतावनी जारी नहीं की गई थी। इसके बावजूद सुबह अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे में सिलीगुड़ी में करीब 50 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे हैदरपारा, चंपासारी तथा महानंदा नदी के दोनों किनारों से लगे वार्ड संख्या एक, चार और पांच में जलभराव हो गया। हालांकि दोपहर तक अधिकांश क्षेत्रों से पानी निकलने के बाद स्थिति काफी सामान्य हो गई।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश का असर व्यापक रहा। कर्सियांग में 110 मिलीमीटर और कालिम्पोंग में 57 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश के बाद पागलाझोरा क्षेत्र का जलप्रवाह अचानक तेज हो गया। एहतियात के तौर पर 110 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित कर दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों से शांत रहे पागलाझोरा का जलस्तर अचानक बढ़ने से लोगों में चिंता का माहौल है।
इस बीच सिक्किम के बरदांग क्षेत्र में एनएच-10 पर भूस्खलन होने से सड़क पर यातायात बाधित हो गया। प्रशासन की ओर से मलबा हटाने का काम जारी है। इससे पहले तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। जलस्तर कम होने पर सड़क खोली गई, लेकिन बाद में सेवक स्थित कोरोनेशन पुल के पास फिर भूस्खलन होने से मार्ग दोबारा बंद करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि पिछले रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद भी पहाड़ी क्षेत्रों में कई सड़कें जलमग्न हो गई थी, जिससे वैकल्पिक मार्गों पर लंबा जाम लग गया था। तीस्ता बाजार से दार्जिलिंग जाने वाली पेशक रोड पानी में डूब गई थी। गैलखोला क्षेत्र में तेज जलधारा से राष्ट्रीय राजमार्ग को नुकसान पहुंचा था, जबकि कालिम्पोंग में रॉकविल स्कूल के पास भूस्खलन से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। उस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

