पहाड़ की समस्याओं के समाधान के लिए बनेगी कमेटी
सिलीगुड़ी, 22 अगस्त (हि.स.)।
पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं और मांगों के समाधान को लेकर आखिरकार सिलीगुड़ी के न्यू चामटा स्थित एक रिसॉर्ट में मैराथन बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत पहाड़ के कई नेता और राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। लंबी चर्चा के बाद पहाड़ की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने पत्रकारों को बताया कि पहाड़ की पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए अब एक कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी के मध्यस्थ के तौर पर पंकज कुमार सिंह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिन्हें केंद्र सरकार पहले ही यह जिम्मेदारी सौंप चुकी है। कमेटी में पहाड़ के अन्य राजनीतिक और सामाजिक नेताओं को भी शामिल किया जाएगा।
यह कमेटी पहाड़ की विभिन्न समस्याओं, मांगों और उनसे जुड़े मुद्दों पर काम करेगी। बैठक में पहाड़ से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। चर्चा के आधार पर एक ग्राफ भी तैयार किया गया है। अगली बैठक में इस ग्राफ की समीक्षा करने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इधर, राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन श्रृंगला से अलग गोरखालैंड की मांग को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने गोरखालैंड के मुद्दे पर फिलहाल कोई बयान देने से इनकार किया। बैठक में मौजूद अन्य नेताओं की ओर से भी इस विषय पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया।
वहीं, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के नेता रोशन गिरि ने बताया कि पहाड़ की समस्याओं को केंद्र सरकार के सामने रखने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी के माध्यम से पहाड़ की लंबे समय से चली आ रही विभिन्न मांगों और समस्याओं को केंद्र के समक्ष रखा जाएगा।
रोशन गिरि ने कहा कि संवैधानिक नियमों के तहत ही इन समस्याओं के समाधान का रास्ता तलाशा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

