सिलीगुड़ी में छह ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
सिलीगुड़ी, 01 अक्टूबर (हि. स.)। शहर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम ने गुरुवार सुबह शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ छह ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर ईडी अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, अभियान के प्रमुख ठिकानों में सिलीगुड़ी का बर्दवान रोड भी शामिल है। यहां ईडी की टीम सबसे पहले संदीप वैद नामक व्यक्ति के घर पहुंची और काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन से जुड़े कागजात और अन्य जानकारियों की जांच किए जाने की खबर है।
बताया जा रहा है कि बर्दवान रोड और धीरज घोष के घर के अलावा शहर के कई अन्य स्थानों पर भी ईडी की टीमें एक साथ पहुंची है। एक ही समय में छह जगहों पर कार्रवाई होने से पूरे सिलीगुड़ी में इस अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सिलीगुड़ी के परिचित व्यवसायी तथा सुपारी कारोबारी धीरज घोष के घर पर भी ईडी की कार्रवाई की गई है। केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी विभिन्न दस्तावेजों और महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच कर रहे हैं। अभियान को देखते हुए संबंधित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस मामले की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की जा रही है। संबंधित लोगों के खिलाफ क्या आरोप हैं या तलाशी के दौरान अब तक क्या बरामद अथवा जब्त किया गया है, इस संबंध में भी केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और सूचनाओं की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

