home page

काली पूजा पर सिलीगुड़ी में कड़ी सुरक्षा, पुलिस कमिश्नर ने पूजा पंडालों का लिया जायजा

 | 
काली पूजा पर सिलीगुड़ी में कड़ी सुरक्षा, पुलिस कमिश्नर ने पूजा पंडालों का लिया जायजा


सिलीगुड़ी, 05 नवंबर (हि. स.)। काली पूजा के अवसर पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह सतर्क हो गई है। गुरुवार को सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने शहर के विभिन्न काली पूजा पंडालों का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने पूजा पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था, बिजली के कनेक्शन, सुरक्षा मानकों और श्रद्धालुओं के प्रवेश व निकास मार्गों का बारीकी से जायजा लिया।

जिन पंडालों में भारी भीड़ जुटने की संभावना है, वहां एग्जिट गेट को चौड़ा करने और अतिरिक्त आपातकालीन निकास मार्ग बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पंडाल के ढांचों या कपड़ों से किसी भी तरह के खुले या असुरक्षित बिजली के तार न सटे हों, इसे लेकर आयोजकों को सख्त चेतावनी दी गई है। स्थानीय पुलिस थानों के प्रभारियों को पूजा के दिनों में पंडालों और आसपास के इलाकों में निरंतर गश्त और कड़ी निगरानी बनाए रखने का आदेश दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

कमिश्नर के साथ सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन का कहना है कि समय से पहले की गई इस समीक्षा का मुख्य उद्देश्य काली पूजा के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार