home page

मुंहबोली ‘मां बनाम बेटे’ की लड़ाई में ममता बनर्जी ने किया विकास का वादा

 | 
मुंहबोली ‘मां बनाम बेटे’ की लड़ाई में ममता बनर्जी ने किया विकास का वादा


मुंहबोली ‘मां बनाम बेटे’ की लड़ाई में ममता बनर्जी ने किया विकास का वादा


सिलीगुड़ी, 25 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव-2026 में जलपाईगुड़ी जिले के डाबग्राम-फुलबाड़ी केंद्र ने राजनीतिक हलकों में खासा ध्यान खींचा है। इस सीट पर एक तरफ भाजपा की विदाई विधायक शिखा चटर्जी है, वहीं दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रंजनशील शर्मा है। राजनीति के मैदान में मुकाबला कड़ा होने के बावजूद व्यक्तिगत स्तर पर दोनों का संबंध बेहद मधुर बताया जाता है।

रंजनशील शर्मा शिखा चटर्जी को मुंहबोली ‘मां’ कहकर सम्मानित करते है, इसलिए इस सीट पर लड़ाई इस बार ‘मां बनाम बेटे’ की है।

बुधवार को इसी केंद्र में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल के विकास की तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर बंगाल उपेक्षित था, अब मैं हर महीने आती हूं। उन्होंने डाबग्राम-फुलबाड़ी को नगर निगम बनाने का वादा किया।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के आम नागरिकों के लिए नई सेवा ‘दुआरे स्वास्थ्य’ योजना की घोषणा की। इसके तहत लोग इलाज के लिए दूर नहीं जाएंगे, बल्कि घर के पास ही शिविर लगेंगे और डॉक्टर मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि मैं जो वादा करती हूं, उसे निभाती हूं। पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए सभी वादे मैंने पूरे किए है। अब हमारे पास 105 परियोजनाएं चल रही है।

जलपाईगुड़ी की प्राकृतिक सुंदरता की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस क्षेत्र का बुनियादी ढांचा और अधिक विकसित किया जाएगा। अब देखना यह है कि ‘मां-बेटे’ की इस जंग में डाबग्राम-फुलबाड़ी के लोग विकास के आधार पर किसे प्राथमिकता देते है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार