शिखा इन’ होटल का मालिक वीरेश्वर मित्र गिरफ्तार
कोलकाता , 23 अगस्त (हि.स.)।
कोलकाता के शिखा इन होटल के मालिक वीरेश्वर मित्र को पुलिस ने
उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार देर रात न्यू मार्केट के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ‘शिखा इन’ होटल में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 8 बांग्लादेशी नागरिक बताए गए हैं। हादसे के बाद होटल मालिक वीरेश्वर मित्र फरार हो गए थे।
वीरेश्वर मित्र के न्यू मार्केट इलाके में दो होटल थे। एक का नाम ‘शिखा इन’ और दूसरे का नाम ‘जापन’ है। दोनों होटल काफी छोटी जगह में स्थित थे और ‘जापन’ होटल ‘शिखा इन’ के ठीक सामने है।
मंगलवार रात करीब तीन बजे ‘जापन’ होटल के कर्मचारियों ने सामने स्थित ‘शिखा इन’ से आग की लपटें उठती देखीं। होटल कर्मचारी इंद्रदेव पासवान के अनुसार, उन्होंने तुरंत होटल मालिक वीरेश्वर मित्र को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
इसके बाद से ही वीरेश्वर मित्र का कोई पता नहीं चल रहा था। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। आखिरकार शनिवार को डायमंड हार्बर रोड स्थित बेहाला के उनके घर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि करीब पांच महीने पहले वीरेश्वर मित्र ने ‘शिखा इन’ होटल की एक मंजिल अबू जाफर नाम के एक कारोबारी को लीज पर दी थी। इसके बदले जाफर हर महीने वीरेश्वर को 40 हजार रुपये देता था।
हादसे में मौतों के बाद अबू जाफर भी अपने परिवार के साथ मध्य कोलकाता के जोड़ासांको स्थित मदनमोहन बर्मन स्ट्रीट के घर से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि वह परिवार के साथ उत्तर प्रदेश भागने की योजना बना रहा था। पुलिस अब इस पूरे मामले में होटल मालिक समेत अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

