home page

एसआइआर को लेकर सिद्दिकुल्लाह चौधरी का केंद्र पर हमला, बोले- ‘हक के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे’

 | 
एसआइआर को लेकर सिद्दिकुल्लाह चौधरी का केंद्र पर हमला, बोले- ‘हक के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगे’


दक्षिण दिनाजपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले के कुमारगंज में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राज्य अध्यक्ष सिद्दिकुल्लाह चौधरी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को साहापुकुर इलाके के एक मदरसा-मस्जिद परिसर में संगठन की प्रतिनिधि सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि एसआइआर प्रक्रिया में जानबूझकर योग्य मुस्लिमों के नाम हटाए जा रहे हैं और संबंधित मामलों को ट्रिब्यूनल में लंबित रखा जा रहा है।

सिद्दिकुल्लाह चौधरी ने कहा कि योग्य मुस्लिमों के अधिकारों की रक्षा के लिए जमीयत उलेमा-ए-हिंद हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने लोगों से एसआइआर प्रक्रिया को लेकर जागरूक रहने और हर चरण में कानूनी तरीके से अपने अधिकारों की रक्षा करने की अपील की है।

अधिकारों की लड़ाई को लेकर उन्होंने कहा, “सीधी उंगली से घी न निकले तो उंगली टेढ़ी करनी होगी।” उन्होंने घोषणा की कि इस मुद्दे पर कोलकाता में लगातार तीन दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रशासन या पुलिस से अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में अदालत का दरवाजा खटखटाने की भी बात उन्होंने कही।

सभा में एसआइआर, मुस्लिमों के नागरिक अधिकार और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कारी जैनाल आबेदीन ने की। कानूनी पहलुओं और सहायता की रूपरेखा समझाने के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट के दो अधिवक्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार