home page

दुर्गा पूजा में सियालदह मंडल में 2.63 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, यात्री संख्या में 33.44 प्रतिशत की वृद्धि

 | 
दुर्गा पूजा में सियालदह मंडल में 2.63 करोड़ यात्रियों ने किया सफर, यात्री संख्या में 33.44 प्रतिशत की वृद्धि


कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गापूजा के दौरान पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। पूजा के दौरान षष्ठी से दशमी तक छह दिनों में सियालदह मंडल के विभिन्न स्टेशनों से कुल दो करोड़ 63 लाख 39 हजार 698 यात्रियों ने आवागमन किया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार यात्रियों की संख्या में लगभग 33.44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यात्रियों की इस भारी आवाजाही से रेलवे को भी राजस्व के रूप में बड़ा लाभ होने का अनुमान है। हालांकि, रेलवे की ओर से इस अवधि में हुई कुल कमाई के आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सियालदह मंडल ने षष्ठी से दशमी तक कुल 266 विशेष ट्रेनें चलाईं। अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से बड़ी संख्या में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा हुई। सियालदह, दमदम, विधाननगर रोड, सोनारपुर, बालीगंज, रानाघाट और कल्याणी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। कल्याणी स्टेशन पर पिछले वर्ष की तुलना में यात्रियों की संख्या में लगभग 14.01 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मंडल के अन्य प्रमुख जंक्शन स्टेशनों पर भी यात्रियों की आवाजाही में बढ़ोतरी हुई।

यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए थे। सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना के नेतृत्व में वाणिज्यिक, परिचालन, रेलवे सुरक्षा बल, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे थे।

प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को सही दिशा दिखाने, भीड़ को नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया था। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और मेगाफोन के माध्यम से यात्रियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे थे, ताकि स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ न जुटे और यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा, मंडल के वॉर रूम से ट्रेनों के परिचालन और यात्रियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी। रेलवे के इन प्रयासों के बीच दुर्गापूजा के दौरान सियालदह मंडल में करोड़ों यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यात्रियों की संख्या में हुई इस वृद्धि ने त्योहार के दौरान उपनगरीय रेल सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा