हाबरा थाने की पुलिस बैरक में सब-इंस्पेक्टर का शव फंदे से लटका मिला, मौत को लेकर रहस्य
कोलकाता, 14 सितंबर (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा थाने की पुलिस बैरक में सोमवार को पश्चिम बंगाल पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृत अधिकारी की पहचान विश्वनाथ सेन के रूप में हुई है। वह हाबरा थाने में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे और दक्षिण 24 परगना के महेशतला के रहने वाले थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विश्वनाथ सेन ने रविवार रात ड्यूटी की थी। उस दौरान उनके व्यवहार में किसी तरह की असामान्यता नजर नहीं आई थी। सोमवार को उनके सहकर्मियों ने देखा कि पुलिस बैरक स्थित उनके कमरे का दरवाजा काफी देर से बंद है। पहले अधिकारियों को लगा कि वह सो रहे होंगे। हालांकि, बार-बार दस्तक देने और आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर सहकर्मियों को संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो विश्वनाथ सेन को फंदे से लटका पाया। उन्हें तत्काल नीचे उतारकर हाबरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आत्महत्या की आशंका है, हालांकि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्या विश्वनाथ सेन किसी व्यक्तिगत, पेशेवर या अन्य प्रकार के दबाव में थे। फिलहाल उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मृत अधिकारी के परिजनों को दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

