home page

बीरेंद्रकृष्ण भद्र के नाम पर श्यामबाजार मेट्रो स्टेशन का नाम रखने का प्रस्ताव

 | 
बीरेंद्रकृष्ण भद्र के नाम पर श्यामबाजार मेट्रो स्टेशन का नाम रखने का प्रस्ताव


कोलकाता, 04 अगस्त (हि. स.)। बंगाल में महालया का नाम आते ही जिस अमर आवाज़ की गूंज सुनाई देती है, वह है या देवी सर्वभूतेषु...। दुर्गापूजा की शुरुआत आज भी जिनकी आवाज़ के बिना अधूरी मानी जाती है, उस महान वाचिक कलाकार बीरेंद्रकृष्ण भद्र की 121वीं जयंती पर मंगलवार सुबह राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने उन्हें विशेष सम्मान देने की मांग उठाई है।

मंत्री ने प्रस्ताव रखा कि श्यामबाजार मेट्रो स्टेशन का नाम बीरेंद्रकृष्ण भद्र के नाम पर रखा जाए। उत्तर कोलकाता के राम रामधन मित्र लेन स्थित उनके ऐतिहासिक आवास को हेरिटेज भवन घोषित करने तथा आकाशवाणी भवन परिसर में उनकी अर्धप्रतिमा स्थापित करने की भी मांग की।

मंगलवार सुबह अग्निमित्रा पाल उत्तर कोलकाता के राम रामधन मित्र लेन स्थित बीरेंद्रकृष्ण भद्र के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने कलाकार की पुत्रवधू, पोते-पोतियों से उनके निजी जीवन, कार्यकाल, पसंद-नापसंद और उनसे जुड़ी कई यादों के बारे में विस्तार से बातचीत की।

घर का भ्रमण करने के बाद भावुक होकर मंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक घर में आकर ऐसा महसूस हो रहा है जैसे इतिहास के बीच खड़ी हूं। उनके अनुसार बीरेंद्रकृष्ण भद्र केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि बंगाल की सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा हैं।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बीरेंद्रकृष्ण भद्र के घर को विरासत भवन के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि यदि श्यामबाजार मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखा जाता है, तो आने वाली पीढ़ियां भी इस महान कलाकार के योगदान से परिचित होंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बीरेंद्रकृष्ण भद्र के जीवन का बड़ा हिस्सा आकाशवाणी में बीता था, इसलिए आकाशवाणी भवन परिसर में उनकी अर्धप्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी वह मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगी।

मंत्री ने याद दिलाया कि कोलकाता के कई मेट्रो स्टेशनों का नाम पहले ही बंगाल के महान व्यक्तित्वों के नाम पर रखा जा चुका है। महानायक उत्तम कुमार, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, खुदीराम बोस और मास्टरदा सूर्य सेन जैसे नाम मेट्रो स्टेशनों से जुड़े हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की सांस्कृतिक पहचान रहे बीरेंद्रकृष्ण भद्र के नाम पर भी एक मेट्रो स्टेशन का नामकरण किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा