फिल्म निर्माता अनीक दत्ता की मौत मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पुलिस पर जताया भरोसा
कोलकाता, 27 मई (हि.स.)।फिल्म निर्माता अनीक दत्ता की बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मीडिया पर छाने के बाद सिनेमाजगत में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार शाम को डायरेक्टर की अचानक मौत पर अपनी संवेदनाएं जताईं है।
मुख्यमंत्री ने अनीक के परिवार और रिश्तेदारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताते हुए भरोसा दिलाया है कि इस रहस्यमयी मौत का रहस्य सुलझ जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर लिखा, मशहूर निर्माता अनीक दत्त के असमय निधन से मैं बहुत दुखी हूं। बंगाली सिनेमा में उनका योगदान अमूल्य है। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
गरियाहाट के हिंदुस्तान पार्क स्थित्त अनीक दत्त के घर में मौत की खबर मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। घर से पुलिस को एक ‘सुसाइड नोट’ मिला है। बताया जा रहा है कि उस नोट में लिखा था, “मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।” पुलिस अब इस नोट की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस बारे में मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पोस्ट में कोलकाता पुलिस को टैग करते हुए लिखा, मुझे पूरा भरोसा है कि कोलकाता पुलिस जांच करेगी और अनीक दत्त की रहस्यमयी मौत के पीछे का कारण पता लगाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

