महानवमी की शाम मल्लिक बाड़ी की दुर्गा पूजा में पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, कहा- 'बंगाल में ऐसी पारंपरिक पूजाएं बनी रहनी चाहिए'
कोलकाता, 20 अक्टूबर (हि. स.)। महानवमी की शाम पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर स्थित ऐतिहासिक मल्लिक बाड़ी (मल्लिक परिवार) की दुर्गा पूजा में शिरकत की। इस अवसर पर वहां भाजपा की राज्यसभा सांसद एवं लोकप्रिय अभिनेत्री कोयल मल्लिक और उनके पिता व दिग्गज अभिनेता रंजीत मल्लिक भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने देवी दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और परिवार द्वारा सदियों पुरानी परंपराओं को सहेज कर रखने की जमकर सराहना की। पूजा के विधि-विधान को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा, “इन्होंने पूजा के किसी भी नियम या परंपरा में कोई बदलाव नहीं किया है। सब कुछ पहले जैसा ही रखा गया है। बंगाल में इस तरह की पारंपरिक पूजाएं हमेशा बनी रहनी चाहिए।”
भवानीपुर के मल्लिक परिवार में दुर्गा पूजा का यह भव्य आयोजन साल 1925 से होता आ रहा है। इस परिवार में 'कुमारी पूजा' की एक विशेष और प्राचीन परंपरा है, जिसका आज भी पूरे भक्तिभाव और निष्ठा के साथ पालन किया जाता है। परिवार की ओर से प्रतिनिधि के तौर पर अभिनेत्री कोयल मल्लिक ने उपस्थित लोगों और राज्यवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, सभी को दुर्गा पूजा की ढेरों शुभकामनाएं। ईश्वर करे, सभी लोग स्वस्थ और खुश रहें।
अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस ऐतिहासिक पूजा में मुख्यमंत्री ने देवी को प्रणाम किया और मल्लिक परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय बिताकर आत्मीय बातचीत की। मल्लिक बाड़ी की पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेसीडेंसी सुधारगृह (जेल) जाने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, सुधारगृह के कैदी भी दुर्गा पूजा का आयोजन कर रहे हैं, मैं वहां भी उनके पूजा पंडाल में जाऊंगा।
गौरतलब है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का दिनभर का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहा। अपने कड़े प्रशासनिक और राजनीतिक दायित्वों के बीच उन्होंने इंसानियत का फर्ज निभाते हुए चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ के पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की, उन्हें सांत्वना दी और राज्य सरकार की ओर से घोषित आर्थिक सहायता के चेक सौंपते हुए प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। दिन भर हावड़ा से लेकर नदिया जिले तक के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने और पीड़ितों के आंसू पोंछने के बाद शाम को मुख्यमंत्री मल्लिक बाड़ी की दुर्गा पूजा में शामिल हुए और वहां कुछ समय बिताने के बाद अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

