श्रावण के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
सिलीगुड़ी, 20 जुलाई (हि.स.)। श्रावण माह के पहले सोमवार के अवसर पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर के प्रसिद्ध मां की इच्छा मंदिर और मां भवानी मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंज उठा।
सिर्फ सिलीगुड़ी ही नहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा धाम के लिए भी रवाना हुए। वहीं उत्तर बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जलपेश मंदिर में भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में पवित्र जल लिए शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना करते नजर आए।
श्रावण माह के पहले सोमवार पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

