संशोधित : 'वे लकड़बग्घों की तरह मौके की तलाश में हैं', आतंकी गिरफ्तारी के बाद शिशिर अधिकारी ने बेटे की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)
कोलकाता, 31 जुलाई (हि. स.)। पूर्व बर्धमान जिले से जैश-ए-मोहम्मद के एक संदिग्ध सदस्य की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी ने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ कुछ ताकतें लगातार अवसर तलाश रही हैं और वे लकड़बग्घों की तरह हमला करने के मौके की प्रतीक्षा कर रही हैं।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में शिशिर अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने भ्रष्टाचार, कोयला, मवेशी और बालू तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई शुरू की है। उनके अनुसार, इन अभियानों से कई प्रभावशाली और आपराधिक गिरोहों के हित प्रभावित हुए हैं, जिससे उनके खिलाफ नाराजगी बढ़ी है।
शिशिर अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और आवाजाही की जानकारी विभिन्न सरकारी विभागों तक पहले से पहुंचती है। उनका आरोप है कि जिन लोगों के हितों पर कार्रवाई का असर पड़ा है, वे किसी भी तरह नुकसान पहुंचाने का अवसर तलाश रहे हैं। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि एक पिता होने के नाते उन्हें बेटे की सुरक्षा की चिंता रहती है, लेकिन विश्वास भी जताया कि अंततः ऐसी साजिशें सफल नहीं होंगी।
गौरतलब है कि राज्य पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने पूर्व बर्धमान के एक आवासीय परिसर से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध सदस्य हमीद मंडल को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि उसके पास से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कार्यक्रम, आवाजाही और वीआईपी मूवमेंट से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। साथ ही उसके जम्मू-कश्मीर स्थित एक आतंकी नेटवर्क से संबंधों की भी जांच की जा रही है।
हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से अब तक मुख्यमंत्री पर हमले की किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

