home page

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार शिखा चटर्जी को झेलना पड़ा विरोध

 | 
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार शिखा चटर्जी को झेलना पड़ा विरोध


सिलीगुड़ी, 21 मार्च (हि.स.)। डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल के बीच प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार शिखा चटर्जी को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

शनिवार को जब वह बोतल कंपनी इलाके में प्रचार करने पहुंची, तभी एक स्थानीय युवक ने उन्हें घेरकर तीखे सवाल पूछे। युवक ने आरोप लगाया कि इलाके की समस्याओं के समय और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार कहीं नजर नहीं आई थी। एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद आम लोगों के साथ खड़े न होने पर उसने नाराजगी जताई।

इन आरोपों पर जवाब देते हुए शिखा चटर्जी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया चुनाव आयोग के अधीन एक प्रशासनिक मामला है। ऐसे में वहां हस्तक्षेप करना उचित नहीं होता, इसलिए वह जानबूझकर दूरी बनाए रखी। उन्होंने यह भी कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के तौर पर उन्हें कब और कहां उपस्थित रहना है, यह वह परिस्थिति के अनुसार तय करती हैं।

भाजपा उम्मीदवार ने इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक साजिश करार दिया। उनका दावा है कि सवाल उठाने वाले लोग तृणमूल के कार्यकर्ता है, जो योजनाबद्ध तरीके से प्रचार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह इस तरह के आरोपों को ज्यादा महत्व नहीं देती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार