सांसद शताब्दी रॉय ने विधान उपाध्याय के समर्थन में किया रोड शो
आसनसोल, 16 अप्रैल (हि. स.)। टॉलीवुड अभिनेत्री तथा तृणमूल सांसद शताब्दी रॉय ने गुरुवार को बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार विधान उपाध्याय के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने गौरांडी से एक रोड शो निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
रोड शो के दौरान शताब्दी रॉय को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में विधान उपाध्याय सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में शताब्दी रॉय ने कहा कि रोड शो के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है, जिससे उन्हें पूरा विश्वास है कि बिधान उपाध्याय इस क्षेत्र से चौथी बार विधायक बनेंगे। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को जनता अच्छी तरह जानती है, इसलिए उनकी जीत तय है।
वहीं, बाराबनी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा को लेकर पूछे गए सवाल पर शताब्दी रॉय ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि लोग सच्चाई जानते हैं और किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।
दूसरी ओर, विधान उपाध्याय ने भी अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन उनके साथ है और ममता बनर्जी के कार्यों को जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के दौरे का क्या असर होगा, यह चार मई को परिणाम आने पर साफ हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

