पहले चरण के मतदान के बाद अमित शाह घबराए हुए हैं : शशि पांजा
कोलकाता, 24 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री शशि पांजा ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान में जनता की भारी भागीदारी और तृणमूल कांग्रेस की जीत के संकेत मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) खेमे में घबराहट फैल गई है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण अमित शाह निराश कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
शशि पांजा ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री बेहद चिंतित दिखाई दे रहे हैं। उनके अनुसार, भाजपा चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों का उपयोग कर बूथों पर दस्तावेज जांच के नाम पर मतदाताओं के बीच भय का वातावरण बनाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि पार्टी समझ चुकी है कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस फिर से सत्ता में लौट रही है।
उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव विरोध का चुनाव है और जनता ने खुलकर तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। उनके अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के विरोध में भी लोगों ने मतदान के जरिए अपना संदेश दिया है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है, इसलिए निराशा और भय के माहौल में केंद्रीय गृह मंत्री को पत्रकार वार्ता कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाना पड़ रहा है।
शशि पांजा ने यह भी कहा कि देश के गृह मंत्री इस समय अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों से अधिक पश्चिम बंगाल में भाजपा के पूर्णकालिक कार्यकर्ता की तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं।
उन्होंने साथ ही दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है और जनता एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भरोसा जताएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

