मंत्री शशि पांजा ने घोषित की चार करोड़ की संपत्ति
कोलकाता, 10 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मंत्री शशी पांजा जो इस बार श्यामपुकुर विधानसभा सीट से फिर से चुनाव लड़ रही हैं, उन्होंने अपने शपथपत्र में 4.06 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति घोषित की है और अपनी वार्षिक आय में लगातार वृद्धि दिखाई है।
शपथपत्र के अनुसार, 63 वर्षीय मंत्री, जो पेशे से डॉक्टर हैं, ने बताया कि उनकी आय का स्रोत वेतन, पेशेवर सेवाओं के लिए प्राप्त शुल्क और वित्तीय निवेश से मिलने वाला रिटर्न है।
उन्होंने 2020-21 वित्त वर्ष में 14 लाख एक हजार रुपये, 2021-22 में 14 लाख 36 हजार रुपये और 2022-23 वित्त वर्ष में 13 लाख 41 हजार रुपये की आय बताई है। इसके बाद उनकी वार्षिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई और यह 2023-24 में 24 लाख 10 हजार रुपये तथा 2024-25 में 29 लाख 22 हजार रुपये हो गई।
राज्य की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा मानी जाने वाली डॉ. पांजा एक बार फिर अपनी पारंपरिक सीट से चुनावी मैदान में हैं और उनके द्वारा दी गई यह वित्तीय जानकारी क्षेत्र के मतदाताओं और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

