home page

दीघा के शंकरपुर से समुद्र गए 16 मछुआरे लापता

 | 
दीघा के शंकरपुर से समुद्र गए 16 मछुआरे लापता


पूर्व मेदिनीपुर, 10 जुलाई (हि. स.)। मेदिनीपुर जिले के शंकरपुर से गहरे समुद्र में मछली पकड़ने गए मांझी सहित 16 मछुआरों के लापता होने की घटना से तटीय क्षेत्र में गहरी चिंता व्याप्त है। कई दिन बीतने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने से परिजनों में भारी चिंता और बेचैनी का वातावरण है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दो जुलाई को शंकरपुर मत्स्य बंदरगाह से जय मां काली नामक एक मछली पकड़ने वाला ट्रॉलर गहरे समुद्र के लिए रवाना हुआ था। इस ट्रॉलर में मांझी सहित कुल 16 मछुआरे सवार थे। निर्धारित समय बीतने के बाद भी ट्रॉलर के बंदरगाह पर वापस नहीं लौटने तथा उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पाने के कारण चिंता बढ़ गई।

गुरुवार रात घटना के संज्ञान में आने के बाद शंकरपुर फिशरमैन फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव तथा पूर्व विधायक स्वदेश रंजन नायक ने मामले की जानकारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों को दी है। साथ ही, लापता ट्रॉलर और मछुआरों की शीघ्र तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।

मछुआरा संगठन की ओर से समुद्र और आकाश मार्ग से व्यापक खोज अभियान चलाने की मांग की गई है। विशेष रूप से हेलीकॉप्टर के माध्यम से खोज अभियान चलाने की अपील की गई है, ताकि लापता मछुआरों का शीघ्र पता लगाया जा सके। इधर, परिजन अपने प्रियजनों के सकुशल लौटने की आशा में प्रतीक्षा कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता