स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर बंगाल में देशभक्ति का संदेश, शंकर घोष और निशीथ प्रामाणिक ने फहराया तिरंगा
सिलीगुड़ी, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर बंगाल में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आजादी का जश्न मनाया गया। सिलीगुड़ी के मैनाक टूरिस्ट लॉज स्थित पर्यटन विभाग के कार्यालय में पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। वहीं उत्तर बंगाल के मिनी सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ में पहली बार उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रामाणिक ने तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। वहीं, उत्तर बंगाल के मिनी सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ में पहली बार उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रामाणिक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
वर्ष 2014 में उत्तरकन्या के उद्घाटन के बाद से स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर यहां आमतौर पर अधिकारी या डिविजनल कमिश्नर ही ध्वजारोहण करते आए थे। इस बार इस परंपरा में बदलाव करते हुए मंत्री ने स्वयं तिरंगा फहराया।
ध्वजारोहण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री निशीथ प्रामाणिक ने कहा कि उत्तरकन्या में अब बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शिक्षा मंत्री, वन मंत्री सहित अन्य मंत्री यहां से आम लोगों को सेवाएं दे रहे हैं। भविष्य में दक्षिण बंगाल के मंत्रियों के लिए भी यहां चेंबर की व्यवस्था किए जाने की योजना है।
इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर चल रहे हालिया विवाद पर भी निशीथ प्रामाणिक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नेताजी जैसे सपूत को भारत की हर मां जन्म देना चाहेगी। नेताजी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोनों मंत्रियों के कार्यक्रमों में देशभक्ति, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश प्रमुखता से सामने आया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

