home page

सिलीगुड़ी के कारोबारी समर मंडल नेपाल में लापता, परिवार से मिले पर्यटन मंत्री शंकर घोष

 | 
सिलीगुड़ी के कारोबारी समर मंडल नेपाल में लापता, परिवार से मिले पर्यटन मंत्री शंकर घोष


सिलीगुड़ी, 28 अगस्त (हि.स.)। मानसरोवर यात्रा पर गए सिलीगुड़ी के कारोबारी समर मंडल के लापता होने से उनका परिवार चिंता और दहशत में है। शुक्रवार को राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष सिलीगुड़ी के शांतिनगर स्थित समर मंडल के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। मंत्री शंकर घोष को सामने देखते ही लापता कारोबारी की पत्नी और पिता भावुक होकर रो पड़े। मंत्री शंकर घोष ने परिवार के सदस्यों से समर मंडल के बारे में जानकारी ली और यह जानने की कोशिश की कि उन्होंने आखिरी बार परिवार से कब संपर्क किया था।

परिवार के मुताबिक, नेपाल बाढ़ की घटना वाले दिन सुबह समर मंडल तिब्बत-नेपाल सीमा के इमिग्रेशन सेंटर में मौजूद थे। वहीं से उन्होंने आखिरी बार फोन पर परिवार से बात की थी। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। समर मंडल के लापता होने के बाद से परिवार में भय और चिंता का माहौल है। परिवार से मुलाकात के साथ ही पर्यटन मंत्री ने मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से भी चर्चा की।

मंत्री शंकर घोष ने बताया कि अब तक समर मंडल का कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि प्रशासन संबंधित इलाके की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। उनकी तलाश को लेकर आवश्यक स्तर पर संपर्क एवं प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि समर मंडल के संबंध में कोई भी नई जानकारी मिलते ही उनके परिवार को सूचित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार