home page

मंत्री शंकर घोष का पुलिस को सख्त संदेश, ‘माफियाराज बंद करें, दोबारा आने की नौबत न आए’

 | 
मंत्री शंकर घोष का पुलिस को सख्त संदेश, ‘माफियाराज बंद करें, दोबारा आने की नौबत न आए’


सिलीगुड़ी, 26 जून (हि. स.)। तृणमूल सरकार के दौर में कई बार पुलिस से बहस को लेकर चर्चा में रहने वाले भाजपा विधायक व राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार उन्होंने सीधे आशिघर पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को सख्त चेतावनी देते हुए इलाके में कथित “माफिया राज” खत्म करने को कहा। बजट सत्र के बाद सिलीगुड़ी लौटे मंत्री शंकर घोष शुक्रवार को डाबग्राम-फूलबाड़ी क्षेत्र के हालात का जायजा लेने पहुंचे।

भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने जलभराव प्रभावित इलाकों का दौरा किया और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। इसी दौरान उन्हें इलाके में उगाही, गुंडागर्दी और जमीन-बालू माफिया को लेकर कई शिकायतें मिली। स्थानीय लोगों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। इसके बाद मंत्री सीधे आशिघर पुलिस चौकी पहुंच गए। वहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात करते हुए कहा कि जो भी शिकायतें है, उनका समाधान होना चाहिए। मुझे दोबारा यहां आना न पड़े। अगर फिर आना पड़ा तो क्या होगा, यह मैं भी नहीं जानता।

मंत्री ने यह भी कहा कि अगर कोई यह सोच रहा है कि पिछली सरकार की तरह काम चलता रहेगा, तो ऐसा नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है।

गौरतलब है कि इस क्षेत्र में जमीन और बालू माफिया की गतिविधियों को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुलेआम असामाजिक गतिविधियां होती हैं, लेकिन पुलिस की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल, मंत्री की इस चेतावनी के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है। लोगों को उम्मीद है कि अब प्रशासन सख्त कदम उठाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार