home page

वन-पर्यावरण संरक्षण के साथ डुआर्स में पर्यटन विस्तार का संदेश

 | 

जलपाईगुड़ी, 05 सितंबर (हि.स.)। डुआर्स में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देने का संदेश राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने दिया है। विश्व पर्यटन दिवस के मद्देनजर जलपाईगुड़ी के गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान से सटे लाटागुड़ी में शनिवार को पर्यटन विभाग और पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

लाटागुड़ी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जंगल और गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान के वन्यजीवों के कारण देश के पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान बना चुका है। इसी प्राकृतिक संपदा को केंद्र में रखकर क्षेत्र के पर्यटन उद्योग के विस्तार की दिशा में विभिन्न पहल की जा रही हैं।

कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, जलपाईगुड़ी के सांसद जयंत राय सहित पर्यटन विभाग और आयोजक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ‘बंगाल बियॉन्ड बाउंडरीज’ विषय पर आयोजित परिचर्चा से हुई। इसके बाद छह किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 200 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। पर्यटन मंत्री समेत अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।

इसके बाद लाटागुड़ी की सड़कों पर ‘प्रकृति और पर्यावरण बचाओ’ संदेश के साथ पदयात्रा निकाली गई।

कार्यक्रम के अंत में लाटागुड़ी वाटर पार्क का उद्घाटन किया गया। एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस वाटर पार्क में पर्यटक बोटिंग, वाटर बबल और रॉक क्लाइंबिंग सहित विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन के विकास के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि वन और पर्यावरण की रक्षा को प्राथमिकता देते हुए ही पर्यटन का विस्तार किया जाना चाहिए। प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखते हुए डुआर्स को पर्यटन के क्षेत्र में और आगे ले जाने की दिशा में सरकार प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार