home page

विधायक बनने के बाद पहली बार जिला अस्पताल पहुंचे शंकर घोष

 | 
विधायक बनने के बाद पहली बार जिला अस्पताल पहुंचे शंकर घोष


सिलीगुड़ी, 25 मई (हि. स.)। विधायक बनने के बाद पहली बार शंकर घोष ने सिलीगुड़ी जिला अस्पताल का दौरा किया और रोगी कल्याण समिति की अहम बैठक में सोमवार को हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में मौजूद अस्पताल के अधिकारियों, डॉक्टरों और कर्मचारियों से विधायक ने सीधे संवाद कर जमीनी हालात को समझने की कोशिश की। उन्होंने सभी से खुलकर समस्याएं रखने को कहा, ताकि उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए शंकर घोष ने स्वीकार किया कि अस्पताल में कई तरह की समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या जगह की कमी (स्पेस क्रंच) है, जिसके कारण मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं देने में दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा बुनियादी ढांचे और संसाधनों से जुड़ी अन्य चुनौतियां भी सामने आई हैं।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन से छह महीने के भीतर हालात सुधारने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।अस्पताल के विस्तार और संसाधनों को बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।

शंकर घोष ने कहा कि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार