home page

छठ पूजा को लेकर सिलीगुड़ी के घाटों पर सुरक्षा सख्त, मंत्री शंकर घोष ने घाट पर जाकर लिया तैयारियों का जायजा

 | 
छठ पूजा को लेकर सिलीगुड़ी के घाटों पर सुरक्षा सख्त, मंत्री शंकर घोष ने घाट पर जाकर लिया तैयारियों का जायजा


सिलीगुड़ी,14 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सिलीगुड़ी के विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने शनिवार सुबह शहर के प्रमुख लालमोहन मौलिक निरंजन घाट का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सिलीगुड़ी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंत्री ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जमीनी हकीकत परखी तथा जहां अतिरिक्त सुधार की आवश्यकता थी, वहां अधिकारियों को तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।

पत्रकारों से बात करते हुए पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी श्रद्धालु को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए इस वर्ष सिलीगुड़ी शहर में आयोजित होने वाली सभी छठ पूजा समितियों का एक पूर्ण डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिसमें आयोजन स्थलों का पूरा विवरण दर्ज होगा।

इसके साथ ही, मंत्री ने पूजा आयोजकों को ध्वनि प्रदूषण के प्रति कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि छठ पूजा के नाम पर किसी भी स्थिति में डीजे और तेज आवाज वाले पटाखों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी समितियों से नियमों का पालन करते हुए पर्व की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। गौरतलब है कि छठ पूजा के अवसर पर हर वर्ष सिलीगुड़ी के विभिन्न नदी घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार