अन्नपूर्णा योजना में साजिश की कोशिश हुयी : शमीक भट्टाचार्य
पश्चिम बर्दवान, 23 अगस्त (हि. स.)। अन्नपूर्णा योजना के तहत राशि नहीं मिलने को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने योजना की प्रक्रिया में कुछ खामियां होने की बात स्वीकार करते हुए दावा किया कि कुछ जगहों पर व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश भी की गई है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि योग्य सभी महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना की राशि मिलेगी।
हावड़ा में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना की प्रक्रिया में कुछ विचलन और सिस्टम से जुड़ी समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर योजना को बाधित करने की कोशिश की जा रही है, जिसकी वजह से कुछ लाभार्थियों को समय पर राशि नहीं मिल पाई है।
उन्होंने कहा कि अभी करीब 50 लाख और महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाना है। उनके मुताबिक लगभग तीन प्रतिशत पात्र महिलाओं को फिलहाल राशि नहीं मिली है, लेकिन सभी को भुगतान किया जाएगा।
शमीक भट्टाचार्य ने योजना में स्क्रीनिंग की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सालाना 36 हजार रुपये की राशि छोटी रकम नहीं है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि योजना का लाभ केवल योग्य लोगों तक ही पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकारी कर्मचारी या ऐसे लोग, जिनकी आय काफी अधिक है, उन्हें भी सामाजिक कल्याण योजना का लाभ मिलना चाहिए?
उन्होंने कहा कि सामाजिक कल्याण की योजनाएं आम लोगों के लिए बनाई जाती हैं और इसके लिए योग्यता के आधार पर एक निश्चित प्रक्रिया तय की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा योजना में भी इसी प्रक्रिया के तहत लाभार्थियों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि राज्य में अन्नपूर्णा योजना के तहत समय पर आवेदन करने और योग्य होने के बावजूद राशि नहीं मिलने का आरोप कुछ महिलाओं की ओर से लगाया गया है। निर्धारित समय के भीतर तीन रुपये की राशि नहीं मिलने को लेकर कई स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन भी हुए हैं। इस दौरान राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल को भी कुछ जगहों पर विरोध का सामना करना पड़ा था।
हालांकि, सरकार और प्रशासन की ओर से लगातार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि योग्य लाभार्थियों को योजना की राशि अवश्य मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण कुछ लाभार्थियों को भुगतान मिलने में देरी हुई है। सरकार ने लोगों से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

