ममता के आरोपों पर भाजपा का पलटवार : शमिक भट्टाचार्य बोले -'मंगल और अंटार्कटिका से लोग ला रहे हैं’
कोलकाता, 11 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच शमीक भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अन्य राज्यों से नहीं, बल्कि “मंगल और अंटार्कटिका से लोग ला रही है।”
दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों को प्रभावित करने के लिए उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से “पेड समर्थक” और मतदाता ला रही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्टाचार्य ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “नहीं, उत्तर प्रदेश से नहीं। हम मंगल और अंटार्कटिका से लोगों को ला रहे हैं।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसके साथ ही राज्य में अवैध घुसपैठ का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से “मूक जनसांख्यिकीय बदलाव” हो रहा है, जिसका असर सीमावर्ती जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों बिहार और झारखंड पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है।
भट्टाचार्य ने दावा किया कि रोजगार के अभाव में राज्य छोड़ने को मजबूर हुए प्रवासी मजदूर जल्द ही वापस लौटेंगे। उन्होंने कहा, “हमें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार 73 विशेष ट्रेनें प्रवासी श्रमिकों को लेकर पश्चिम बंगाल आएंगी, जो काम की कमी के कारण राज्य से बाहर गए थे।”
चुनावी घोषणा पत्र पर बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी का ‘संकल्प पत्र’ राज्य की जनता की भावनाओं, असंतोष और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें महिलाओं, शिक्षित युवाओं और किसानों, विशेषकर आलू उत्पादकों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
भाजपा की जीत को लेकर विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में “सहज बहुमत” हासिल करेगी। उन्होंने दावा किया, “जनता ने मन बना लिया है कि किसी भी हालत में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाना है।”
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

