home page

दिलीप घोष का जनसंपर्क अभियान तेज, शाह की सभा पर नजर

 | 
दिलीप घोष का जनसंपर्क अभियान तेज, शाह की सभा पर नजर


खड़गपुर, 08 अप्रैल (हि. स.)। भाजपा के प्रत्याशी दिलीप घोष ने बुधवार सुबह खड़गपुर के आठ नंबर वार्ड के मंदिरतला इलाके में घर-घर दौरा किया और जनता से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना और भाजपा सरकार आने पर विकास तथा सुरक्षा के लिए किए जाने वाले कदमों से अवगत कराया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि इलाके में सभी उम्र के लोगों में भाजपा के माध्यम से बंगाल में बदलाव लाने की तीव्र उम्मीद नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों में बदलाव की चाहत साफ दिखाई दी। घोष ने कहा कि आठ से 80 साल की उम्र के लोग भी बंगाल में भाजपा के आने से सुरक्षा और विकास की दिशा में बदलाव की उम्मीद रखते हैं। लोगों के चेहरे पर संतोष और आशा की झलक देखी गई।

भाजपा के जिला सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 10 तारीख खड़गपुर आ रहे हैं। उनके आगमन की सूचना से पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बढ़ा है। घर-घर संपर्क अभियान के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व की उपस्थिति से भाजपा का चुनावी अभियान और मजबूती पाएगा, जिससे आगामी मतदान में पार्टी की पकड़ मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।

दिलीप घोष ने आम जनता से घर-घर जाकर अपील की कि वे बदलाव के लिए भाजपा को समर्थन दें और एक सुरक्षित तथा विकसित खड़गपुर और बंगाल की दिशा में कदम बढ़ाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता