अन्नपूर्णा भंडार नहीं मिलने पर पोलबा बीडीओ कार्यालय के कैंप में तोड़फोड़
हुगली, 02 अक्टूबर (हि. स.)। अन्नपूर्णा भंडार का लाभ नहीं मिलने से नाराज स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को पोलबा बीडीओ कार्यालय परिसर में आयोजित सेवा सेतु कैंप में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद कुछ समय के लिए कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में दो से चार अक्टूबर तक सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत पोलबा-दादपुर ब्लॉक की सुगंधा ग्राम पंचायत में भी सुबह से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए पहुंचे थे। कोई अन्नपूर्णा भंडार, तो कोई वृद्धावस्था पेंशन और विधवा भत्ता से जुड़ी सेवाओं के लिए कतार में खड़ा था।
हालांकि, सुगंधा पंचायत के पोलबा बीडीओ कार्यालय में आयोजित कैंप में अन्नपूर्णा भंडार का लाभ नहीं मिलने से कुछ लोग आक्रोशित होकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि कुछ लोग आक्रोशित होकर इस घटना को अंजाम दे बैठे। उनका कहना है कि अन्नपूर्णा भंडार के जिन आवेदनों की प्रक्रिया अभी जारी है, उनके लाभार्थियों को आगे राशि मिलने की जानकारी देकर लोगों को शांत करने की कोशिश की गई।
अन्नपूर्णा भंडार की आवेदक अनुपमा दास ने बताया कि उन्होंने जून में ऑफलाइन आवेदन किया था और जुलाई में ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की। इसके अलावा सत्यापन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं में भी उन्होंने सहयोग किया, लेकिन अब तक उन्हें अन्नपूर्णा भंडार की राशि नहीं मिली है।
अनुपमा दास ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर योजना का लाभ दिया जा रहा है तो सभी पात्र लोगों को इसका लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भले ही तीन हजार रुपये नहीं, लेकिन कम से कम एक हजार 500 रुपये की सहायता दी जाए। उनका आरोप है कि इलाके में कुछ ऐसे परिवार भी हैं, जिनके घर में एसी और चारपहिया वाहन हैं, उन्हें अन्नपूर्णा भंडार का लाभ मिल रहा है, जबकि उनके परिवार में सदस्य दिन-मजदूरी करते हैं और उन्हें यह सहायता नहीं मिल रही।
इसको लेकर उन्होंने लाभार्थियों के चयन में कथित असमानता पर सवाल उठाया।
हालांकि, बाद में स्थिति को संभाल लिया गया और कुछ समय के बाद सेवा सेतु कैंप में लोगों की आवाजाही और सरकारी सेवाओं से जुड़ी प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

