हुगली में भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’, पिपुलपाती डीआई मैदान में जुटे कार्यकर्ता
हुगली, 07 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अवसर पर बुधवार को हुगली में भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की गई। पिपुलपाती डीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक और कार्यकर्ता पहुंचे।
श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से संगठन के कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े केंद्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। वहीं, खादिना मोड़ से बाइक रैली निकाली गई, जिसमें राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, सुमना सरकार, विधायक दीपांजन गुहा, स्वराज घोष, तुषार मजूमदार हुगली सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष गौतम चटर्जी, श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह सहित कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सेवा की भावना को आम लोगों और विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

