सेवा भारती केंद्र के कर्मचारियों पर अंडा फेंकने का विरोध
सिलीगुड़ी, 25 जुलाई (हि. स.)। उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में शनिवार को सेवा भारती रोगी सहायता केंद्र के कुछ कर्मचारियों का विरोध करते हुए उन पर अंडा फेंके जाने पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी तनाव फैल गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारियों के यूनियन की अध्यक्ष प्रतिमा चक्रवर्ती पर भ्रष्टाचार और यूनियन के नाम पर नियुक्ति में अनियमितता के आरोप लग रहे थे। इन्हीं आरोपों को लेकर नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने प्रतिमा चक्रवर्ती को निशाना बनाते हुए उन पर अंडे फेंके। इस दौरान सेवा भारती से जुड़े एक अन्य सदस्य कार्तिक भक्त भी विरोध का शिकार बने।
घटना के बाद प्रतिमा चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान कुछ महिलाओं ने उन पर हमला किया, अंडे फेंके और मारपीट भी की। उन्होंने मेडिकल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यूनियन के नाम पर लंबे समय से भ्रष्टाचार और अनियमितताएं चल रही थी। वे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव बढ़ गया, जिसे काबू में करने के लिए पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

