home page

श्रीरामपुर के आरएमएस मैदान में दुर्गापूजा का उद्घाटन, मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने युवाओं से किया विकसित भारत के निर्माण में सहयोग का आह्वान

 | 
श्रीरामपुर के आरएमएस मैदान में दुर्गापूजा का उद्घाटन, मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने युवाओं से किया विकसित भारत के निर्माण में सहयोग का आह्वान


हुगली, 16 अक्टूबर (हि. स.)। श्रीरामपुर के आरएमएस मैदान में शुक्रवार को दुर्गा पूजा का उद्घाटन समारोह श्रद्धा और उत्साह के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में रिसड़ा स्थित प्रेम मंदिर के स्वामी निर्गुणानंदजी महाराज, राज्य के मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, पूर्व पार्षद शशि सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में युवाओं से धैर्य बनाए रखने और किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है।

मंत्री ने कहा कि संभव है कि वर्तमान पीढ़ी के कई लोग वर्ष 2047 में देश के विकास का परिणाम देखने के लिए मौजूद न रहें, लेकिन आज रखी जा रही विकास की नींव आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी। उन्होंने जोर दिया कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

भास्कर भट्टाचार्य ने युवाओं से राजनीतिक विरोध के प्रभाव में आकर विकास की राह में बाधा उत्पन्न करने के बजाय सरकार के साथ सहयोग करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं की भागीदारी और सहयोग आवश्यक है।

समारोह में धार्मिक आयोजन के साथ विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर मंत्री का संदेश प्रमुख रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय