home page

जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पूर्व पार्षद के पति पिंटू नाग गिरफ्तार, 12 लोगों के खिलाफ शिकायत

 | 
जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पूर्व पार्षद के पति पिंटू नाग गिरफ्तार, 12 लोगों के खिलाफ शिकायत


हुगली, 26 नवंबर (हि. स.)। जान से मारने की धमकी देने और शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने के आरोप में श्रीरामपुर नगरपालिका की पूर्व पार्षद मौसमी नाग के पति पिंटू नाग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता रिंकू दासगुप्ता ने पिंटू नाग समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ श्रीरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार को श्रीरामपुर महकमा अदालत में पेश किया गया।।

मामले की पृष्ठभूमि 30 सितंबर 2017 की है। उस दिन 21 वर्षीय उभरते फुटबॉल खिलाड़ी स्नेहाशीष दासगुप्ता उर्फ राजा का शव श्रीरामपुर साइडिंग के निकट रेलवे लाइन पर मिला था। मृतक की मां रिंकू दासगुप्ता, जो श्रीरामपुर के तारापुर गवर्नमेंट कॉलोनी की निवासी हैं, ने अपने बेटे की मौत के लिए तत्कालीन श्रीरामपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 27 की पार्षद मौसमी नाग के पति पिंटू नाग को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर आरोप लगाए थे।

रिंकू देवी के आरोप के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले स्नेहाशीष का पिंटू नाग के भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद स्नेहाशीष को पार्षद के घर ले जाकर मारपीट की गई और अगले दिन उसकी हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया।

रिंकू दासगुप्ता का आरोप है कि बेटे की मौत के बाद जब वह श्रीरामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं, तो उनकी शिकायत नहीं ली गई। इसके बाद उन्होंने दो अक्टूबर 2017 को शेवड़ाफुली जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने उसी दिन पिंटू नाग को गिरफ्तार किया था। वह करीब 88 दिनों तक न्यायिक हिरासत में रहा था।

रिंकू देवी का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद पिंटू नाग और उसके सहयोगियों ने मुकदमा वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया तथा बार-बार जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि इस संबंध में श्रीरामपुर थाने का रुख करने के बावजूद उस समय उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके चलते उन्हें और उनके परिवार को लंबे समय तक भय के माहौल में रहना पड़ा।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद रिंकू देवी ने दोबारा पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने पिंटू नाग और उसके 11 अन्य सहयोगियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर श्रीरामपुर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिंटू नाग को गिरफ्तार कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय