श्रीरामपुर में कल्याण बनर्जी के खिलाफ भाजपा का जोरदार प्रदर्शन
हुगली, 30 सितंबर (हि. स.)। श्रीरामपुर में तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ बुधवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह ने किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा कार्यालय से शुरू होकर कल्याण बनर्जी के आवास वाली इमारत गंगादर्शन के सामने पहुंची। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उनके फ्लैट के नीचे प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
प्रदर्शन के दौरान शशि सिंह ने कल्याण बनर्जी पर आपत्तिजनक और विवादित बयानों का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा उनके बयानों का विरोध कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कल्याण बनर्जी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़े विवादों के अलावा संसद में मिमिक्री के मामले में भी विवाद खड़ा किया था। हाल में श्रीरामपुर की एक सभा में कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर भी तीखी टिप्पणी की थी।
शशि सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कल्याण बनर्जी अपने कथित आपत्तिजनक बयानों से बाज नहीं आते हैं, तो भाजपा की ओर से और बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती, प्रदेश भाजपा नेता कृष्णा भट्टाचार्य, श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मोहन अदक, अच्छेलाल यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब श्रीरामपुर में हाल के दिनों में तृणमूल और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है। 26 सितंबर को श्रीरामपुर की सभा में कल्याण बनर्जी ने भी भाजपा और शुभेंदु अधिकारी पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

