श्रीरामपुर में भाजपा का विपक्ष पर पलटवार, शशि सिंह ने ‘वोट चोरी’ और एसआईआर के मुद्दे पर साधा निशाना
हुगली, 30 सितंबर (हि. स.)। ‘वोट चोरी’, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा और विपक्षी दलों के बीच जारी राजनीतिक घमासान के बीच बुधवार दोपहर श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा की अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी दलों पर पलटवार किया।
शशि सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल ‘वोट चोरी’ और एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब इन मुद्दों को समझ चुकी है और विपक्षी दलों के दावों को स्वीकार नहीं कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों के सामने राजनीतिक अस्तित्व का संकट है, इसलिए वे इस तरह के मुद्दों को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
वर्तमान में ‘वोट चोरी’ और एसआईआर को लेकर भाजपा तथा विपक्षी दलों के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी जारी है। भाजपा विपक्ष के आरोपों को खारिज कर रही है, जबकि विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी जसवंत सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

