दक्षिण पूर्व रेलवे ने स्क्रैप बिक्री से 403 करोड़ 86 लाख रुपये की कमाई कर नया रिकॉर्ड बनाया।
कोलकाता, 3 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे ने स्क्रैप (कबाड़) की बिक्री के मामले में नया इतिहास रचा है। रेलवे द्वारा मंगलवार देर शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया अक्टूबर 2026 तक 403 करोड़ 86 लाख रुपये के स्क्रैप की बिक्री की है। यह दक्षिण पूर्व रेलवे के इतिहास में अब तक की सबसे तेज उपलब्धि है। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में इस बार स्क्रैप बिक्री में 55.37 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, चालू वित्त वर्ष के लिए निर्धारित 240 करोड़ रुपये के आनुपातिक लक्ष्य से यह उपलब्धि 68.28 प्रतिशत अधिक है।
दक्षिण पूर्व रेलवे चालू वित्त वर्ष में 400 करोड़ रुपये से अधिक की स्क्रैप बिक्री करने वाला देश का एकमात्र जोनल रेलवे बन गया है। यह उपलब्धि स्क्रैप के निपटान, राजस्व बढ़ाने और रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के प्रयासों को दर्शाती है।
इस उपलब्धि में अक्टूबर महीने की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 'स्वच्छता विशेष अभियान 6.0' के तहत अक्टूबर में दक्षिण पूर्व रेलवे ने 49 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य रखा था, जबकि इसके मुकाबले 90.43 करोड़ रुपये के स्क्रैप की बिक्री की गई। अभियान के दौरान किसी भी जोनल रेलवे की ओर से की गई यह सबसे अधिक बिक्री है।
इस सफलता के पीछे दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने रेलवे में 'शून्य स्क्रैप' का लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया है। उनके नेतृत्व में रेलवे की सभी इकाइयों में जमा स्क्रैप की पहचान करने, उसका ब्योरा तैयार करने और व्यवस्थित तरीके से निपटान करने का काम तेज किया गया है। इसका परिणाम है कि दक्षिण पूर्व रेलवे की अधिकांश कार्य इकाइयां अब 'शून्य स्क्रैप' का दर्जा हासिल कर चुकी हैं।
इस अभियान के तहत चिन्हित कार्यस्थलों पर उत्पन्न होने वाले नए स्क्रैप की बिक्री भी कर दी गई है। अधिकांश स्थानों से बिक्री के बाद स्क्रैप हटाने का काम भी पूरा हो चुका है।
रेलवे के डीपो, कार्यशालाओं, शेड और अन्य परिसरों में जमा स्क्रैप की पहचान और सफाई के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इसमें स्टोर विभाग के साथ अन्य रेलवे इकाइयों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह उपलब्धि बेहतर निगरानी, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और संसाधनों के उचित प्रबंधन का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

