home page

दक्षिण पूर्व रेलवे ने ताम्रलिप्त और कंदारी एक्सप्रेस की कोच संरचना बदली

 | 
दक्षिण पूर्व रेलवे ने ताम्रलिप्त और कंदारी एक्सप्रेस की कोच संरचना बदली


खड़गपुर, 29 जून (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और विभिन्न श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत संचालित ट्रेन संख्या 12857/12858 हावड़ा-दीघा-हावड़ा ताम्रलिप्त एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 22897/22898 हावड़ा-दीघा-हावड़ा कंडारी एक्सप्रेस की कोच संरचना में महत्वपूर्ण बदलाव करने का फैसला किया है। यह जानकारी सोमवार को खड़गपुर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई।

सोमवार शाम जारी सूचना के अनुसार, नई कोच संरचना दोनों ट्रेनों में हावड़ा और दीघा, दोनों दिशाओं से 27 अगस्त 2026 से प्रभावी कर दी जाएगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न श्रेणियों में बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि सफर अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके।

नई व्यवस्था के तहत ट्रेनों में एसी चेयर कार (सीसी) कोचों की संख्या दो से घटाकर एक कर दी गई है, जबकि एक्जीक्यूटिव चेयर कार (ईसी) का एक कोच पहले की तरह यथावत रहेगा। साथ ही आरक्षित द्वितीय श्रेणी सिटिंग (2एस) कोचों की संख्या नौ से घटाकर पांच कर दी गई है। हालांकि सामान्य यात्रियों को ध्यान में रखते हुए अनारक्षित द्वितीय श्रेणी सिटिंग के चार कोच पहले की तरह बनाए रखे गए हैं।

लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने पहली बार इन दोनों ट्रेनों में दो स्लीपर क्लास (एसएल) कोच, दो एसी थ्री इकॉनमी (तीनई) कोच और एक एसी थ्री टियर (तीनए) कोच जोड़ने का निर्णय लिया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम आरक्षित बैठने वाली श्रेणियों और एसी चेयर कार कोचों के युक्तिकरण के तहत उठाया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता