दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम ने किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
खड़गपुर, 11 अप्रैल (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार ने शालीमार से घाटशिला खंड तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे की अवसंरचना, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रेन संचालन, परिचालन दक्षता तथा यात्री सुविधाओं का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन चंद्र कुमार, खड़गपुर के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक देबजीत दास, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रभात प्रसाद भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ट्रेन संचालन, स्टेशन सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सेवा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इसके बाद घाटशिला में जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरन महतो के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में खड़गपुर और चक्रधरपुर मंडल के रेलवे अधिकारियों ने भाग लिया। चक्रधरपुर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक तरुण हूरिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य कुमार चौधरी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र में चल रहे रेल विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा सांसद क्षेत्र से जुड़े रेल संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने स्थानीय समस्याओं और सुझावों को भी सामने रखा, जिन पर रेलवे प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

