कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद शब्दर अली पार्टी से निष्कासित
मालदा, 28 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी के बीच कांग्रेस को मालदा जिले के चांचल-2 ब्लॉक में बड़ा झटका लगा है। धानगाड़ा-बिषणपुर क्षेत्र में पिछले एक दशक से अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे मोहम्मद शब्दर अली को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी नेतृत्व ने निष्कासित कर दिया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सैयद मंज़ूरुल इस्लाम ने इस फैसले की पुष्टि की है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के बाद से ही शब्दर अली पार्टी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों से दूर हो गए थे।
हालांकि, पेशे से मदरसा शिक्षक मोहम्मद शब्दर अली ने इन आरोपों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पार्टी लंबे समय से उन्हें नजरअंदाज कर रही थी। उन्होंने भविष्य में कांग्रेस में शामिल होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।
इस मुद्दे पर तृणमूल के मालदा जिला अध्यक्ष अध्यक्ष अब्दुर रहीम बख्शी ने कहा कि जो भी पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखते हुए जनता की सेवा करना चाहता है, उसका स्वागत है।
चुनाव से ठीक पहले इस निष्कासन और संभावित दल-बदल ने चांचल-2 ब्लॉक की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। जानकारों का मानना है कि इस घटनाक्रम से क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों पर सीधा असर पड़ सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मोहम्मद शब्दर अली आगे कौन सा राजनीतिक कदम उठाते हैं और इसका आगामी चुनाव पर क्या प्रभाव पड़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

