वॉच टावर पर मिला सुरक्षा गार्ड का शव, करंट लगने से मौत की आशंका
कोलकाता, 13 नवंबर (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिलान्तर्गत न्यूटाउन स्थित सेंट्रल मॉल के सामने बने वॉच टावर पर शुक्रवार सुबह एक सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पहचान सुलग्न दे के रूप में हुई है। वह न्यूटाउन कोलकाता विकास प्राधिकरण (एनकेडीए) के अधीन सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार रात सुलग्न वॉच टावर पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के शौचालय जाने के दौरान पानी की व्यवस्था के लिए पंप चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां खुले में पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर पहुंचे अन्य सुरक्षा गार्डों ने उन्हें घटनास्थल पर पड़ा देखा। इसके बाद उन्हें तत्काल विधाननगर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर न्यूटाउन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) की ओर से भी मामले की अलग से जांच करने की बात सामने आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

