सियालदह से चलने वाली कई लोकल ट्रेनों की दूरी बढ़ी, यात्रियों को मिलेगी राहत
कोलकाता, 23 मार्च (हि. स.)। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सियालदह से चलने वाली कई लोकल ट्रेनों के रूट का विस्तार करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 23 मार्च से 23 मई तक लागू रहेगी।
इस फैसले के तहत सियालदह-बनगांव, सियालदह-कैनिंग और सियालदह-डायमंड हार्बर रूट पर चलने वाली कुछ लोकल ट्रेनों का गंतव्य बढ़ा दिया गया है, जिससे यात्रियों को बीच रास्ते ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, सियालदह-बनगांव सेक्शन में जो ट्रेनें पहले दत्तपुकुर या गोबरडांगा तक ही जाती थीं, अब उन्हें बढ़ाकर बनगांव तक किया गया है। ट्रेन संख्या 33617 सियालदह-दत्तपुकुर लोकल अब बनगांव तक जाएगी और सुबह 11:44 बजे वहां पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 33622 बनगांव से सुबह 11:55 बजे रवाना होकर सीधे सियालदह पहुंचेगी।
रात के समय भी यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेन संख्या 33685 सियालदह-गोबरडांगा लोकल अब रात 08:23 बजे सियालदह से चलकर 10:31 बजे बनगांव पहुंचेगी। इसी तरह दमदम-गोबरडांगा लोकल को भी बनगांव तक विस्तारित किया गया है।
कैनिंग और डायमंड हार्बर रूट पर भी बदलाव किए गए हैं। ट्रेन संख्या 34392 और 30552 अब चंपाहाटी और घुटियारी के बजाय सीधे कैनिंग तक जाएंगी और वापसी में वहीं से सियालदह लौटेंगी।
इसके अलावा, डायमंड हार्बर रूट पर ट्रेन संख्या 34898 सियालदह-मगराहाट लोकल को बढ़ाकर डायमंड हार्बर तक कर दिया गया है। यह ट्रेन रात 08:38 बजे डायमंड हार्बर पहुंचेगी।
रेलवे के इस कदम से बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

