सियालदह स्टेशन पर शुरू हुआ नया 'सेंट्रल गेट', मेल-एक्सप्रेस यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
कोलकाता, 30 जुलाई (हि. स.)। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और स्टेशन परिसर में भीड़भाड़ कम करने के उद्देश्य से सियालदह मंडल ने सियालदह रेलवे स्टेशन पर नया 'सेंट्रल गेट' शुरू किया है। रेलवे का कहना है कि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के यात्रियों के लिए अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था होने से स्टेशन पर आवागमन अधिक सुगम होगा और भीड़ व जाम की समस्या में कमी आएगी।
सियालदह के डीआरएम राजीव सक्सेना ने गुरुवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अब नए सेंट्रल गेट से यात्री सीधे प्लेटफॉर्म संख्या 11 से 14 तक पहुंच सकेंगे। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को प्रीपेड टैक्सी स्टैंड तक पहुंचने में भी आसानी होगी।
रेलवे ने बताया कि यह व्यवस्था विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक साबित होगी।
रेल प्रशासन ने प्लेटफॉर्म के अनुसार प्रवेश द्वारों का भी निर्धारण किया है। इसके तहत प्लेटफॉर्म एक से पांच के लिए प्रफुल्ल द्वार या उत्तर गेट, प्लेटफॉर्म -छह से 10 के लिए मुख्य प्रवेश द्वार (मेन गेट) तथा प्लेटफॉर्म 15 से 21 के लिए दक्षिण गेट के उपयोग करने की सलाह दी गई है।
सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की आवाजाही को अधिक आसान, सुरक्षित और सुचारु बनाना है। रेलवे को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से स्टेशन परिसर में यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यहां सार्वजनिक शौचालय, फूडिंग और अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

